झारखंड में बड़ा रेल हादसा: जसीडीह में ट्रेन और ट्रक की टक्कर, दो बाइक चपेट में
जसीडीह । झारखंड के जसीडीह-मधुपुर रेलखंड पर गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। जसीडीह के रोहिणी नावाडिह रेलवे फाटक के पास 13510 गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस ट्रेन एक ट्रक से टकरा गई, जिससे ट्रक की चपेट में दो बाइक भी आ गईं। इस घटना में ट्रक और ट्रेन का इंजन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए दिल्ली-हावड़ा मेन लाइन पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा, लेकिन बाद में इसे फिर से शुरू कर दिया गया।
