Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

गणतंत्र दिवस से पूर्व आसनसोल मंडल के रेलवे परिसरों एवं स्टेशनों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था

आसनसोल । आगामी 77वें गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र आसनसोल मंडल के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों एवं अन्य रेलवे परिसरों में सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य गणतंत्र दिवस के दौरान यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है। मंडल के प्रमुख एवं महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री सुविधाओं तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जांच की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल, सरकारी रेलवे पुलिस तथा रेलवे कर्मियों की संयुक्त टीमों द्वारा स्टेशन परिसरों, ट्रेनों, प्रतीक्षालयों, पार्किंग स्थलों एवं अप्रोच सड़कों पर नियमित जांच की जा रही है। यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है तथा संदिग्ध वस्तुओं का सत्यापन किया जा रहा है। भीड़ की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और यात्रियों को असुविधा न हो। यात्रियों की सहायता एवं सतर्कता बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों की तैनाती महत्वपूर्ण स्थानों पर की गई है। नियमित गश्त को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रवेश को नियंत्रित किया जा रहा है तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रेलवे कर्मियों को आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। यह सुरक्षा व्यवस्था राष्ट्रीय महत्व के अवसरों पर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा एवं सतर्कता बनाए रखने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जिससे यात्री निश्चिंत होकर और आरामदायक यात्रा कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *