मामूली विवाद को लेकर दो इलाके के लोगों में भिड़ंत, क्लब में तोड़फोड़, सैकड़ों ग्रामीणों ने थाना का किया घेराव
बर्नपुर(भरत पासवान)। हीरापुर थाना अंतर्गत श्यामबांध इलाके में बुधवार की दोपहर मामूली विवाद को लेकर बड़थोल इलाके के लोगों के बीच विवाद को लेकर काफी हंगामा हुआ। शाम होते होते यह विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। जबकि बड़थोल के ग्रामीणों ने हीरापुर थाना का घेराव कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की। खबर लिखे जाने तक हीरापुर थाना में विवाद को सुलझाने का प्रयास जारी है। जानकारी के अनुसार बड़थोल निवासी एक महिला टोटो में बैठकर अपने दो बच्चों के साथ श्यामबांध होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान श्यामबांध स्थित जागृति क्लब समीप एक चॉप की दुकान में बैठे लोगों पर टोटो के गड्ढे में जाने के कारण गंदा पानी उड़ककर पड़ गया। जिससे उन गुस्साए लोगों ने पहले टोटो चालक की पिटाई कर दी।
यहीं नहीं आरोप है कि महिला के गोद में बैठे बच्चे के साथ उसके 5 वर्षीय बच्चे को भी पीट दिया। वहीं आरोप है कि इस घटना की जानकारी मिलने पर महिला के परिजनों के साथ बड़थोल गांव से पहुंचे लाठी, डंडों से लैस उग्र लोगों ने पहले उक्त चॉप की दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ पास स्थित जागृति क्लब को भी निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की। इसकी जानकारी मिलते ही हीरापुर थाना पुलिस ने टोटो चालक, बच्चे की पिटाई में शामिल चार लोगों को हिरासत में कर थाना ले आई। इसकी जानकारी मिलते ही बुधवार की शाम बड़थोल गांव से पहुंचे सैकड़ों महिला, युवक, पुरुषों ने हीरापुर थाना का घेराव कर अभियुक्तों को सौंपने की मांग करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची एसीपी इप्शिता दत्ता, सीआई अशोक सिंह महापात्र, बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस बीच एसीपी इप्शिता दत्ता ने ग्रामीणों को घटना में शामिल सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस कर्मियों द्वारा काफी समझाने के पश्चात लोगों के साथ बैठक कर मामला सुलझाने का प्रयास किया गया।






