आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस का सफाई अभियान
आसनसोल । आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस की तरफ से आसनसोल के विभिन्न इलाकों में सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारी वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर बीते 8 दिनों से हड़ताल के कारण किया गया, जिस वजह से आसनसोल नगर निगम के 106 वार्ड में गंदगी का अंबार लग रहा है। कांग्रेस ने आसनसोल के बस्तीन बाजार के सामने स्थित दुर्गा मंदिर, जौहरमल जालान स्कूल, बाजार के अंदर बने जामा मस्जिद, जीटी रोड के किनारे महावीर स्थान मंदिर और पोस्ट ऑफिस के सामने सफाई अभियान चलाया। इस मौके पर आसनसोल साउथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शाह आलम खान, कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रसेनजीत पुईतुंडी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उन्होंने इन सभी इलाकों की साफ सफाई की कचरे को एकत्र किया और खुद उठाकर उन्हें डस्टबिन में फेंका। शाह आलम ने बताया कि पिछले आठ दिनों से आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं, जिस वजह से नगर निगम क्षेत्र के 106 वार्डों में साफ सफाई का काम नहीं हो रहा है। शाह आलम ने कहा कि मेयर, 2 डिप्टी मेयर और 4 एमएमआईसी, 10 बोरो चेयरमैन आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रखते और खुद एयर कंडीशनर गाड़ियों में आते जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में जगह-जगह पर गंदगी जमा हो रही है और इससे बड़ी बीमारी फैल सकती है।












