आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
आसनसोल । आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की आठ दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण शहर में कचरों का अंबार बढ़ते जा रहा है। इसे देखते हुए शुक्रवार को आसनसोल उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए स्थायी समाधान निकालने की मांग की। वहीं मेयर की अनुपस्थिति में युवा कांग्रेस ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए मेयर के कार्यालय के दरवाजे पर ही ज्ञापन की कॉपी चिपका दी। इसके साथ ही प्रशासन को जमीनी हकीकत दिखाने के लिए शहर में पसरी गंदगी और कचरे के ढेरों की तस्वीरें भी कार्यालय के बाहर चिपका दी गईं।
इस संदर्भ में अध्यक्ष गौरव रॉय ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर बीते 8 दिनों से आंदोलनरत हैं, लेकिन निगम की उदासीनता के कारण शहर के सभी 106 वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि गंदगी के कारण कभी भी महामारी फैल सकती है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
युवा कांग्रेस ने नगर निगम को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि हड़ताल को समाप्त कर सफाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।












