महिलाओं के लिए विधिक सहायता पर सेमिनार का आयोजन
आसनसोल । आसनसोल में कनकधारा द्वारा “महिलाओं हेतु विधिक सहायता” विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। सेमिनार में मुख्य वक्ता अम्रपाली चक्रवर्ती, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पश्चिम बर्द्धमान, ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या में आगे आकर सहायता लेने का आह्वान किया।
सेमिनार में अर्पिता साहा, केस वर्कर, वन स्टॉप सेंटर, पश्चिम बर्द्धमान, ने महिला एवं बाल पीड़ितों के लिए उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर में हिंसा से पीड़ित महिलाओं और बच्चों को अस्थायी आश्रय, काउंसलिंग, चिकित्सा सहायता तथा कानूनी सहयोग एक ही स्थान पर प्रदान किया जाता है। सेमिनार में कनकधारा अध्यक्ष पूजा उपाध्याय, सचिव सोनिया पचीसिया एवं अन्य सदस्यों के साथ साथ, मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष सोनल गाड़ीवान एवं सदस्य, गुजराती महिला समिति की अध्यक्ष बिंदु उपाध्याय एवं सदस्यगण भी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
