भाजपा का बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र अभियान: लोगों से ली जा रही है राय
आसनसोल। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मेनिफेस्टो बनाने से पहले लोगों से राय ली जा रही है। भाजपा द्वारा मेनिफेस्टो को संकल्प पत्र का नाम दिया गया है। रविवार आसनसोल के रवींद्र भवन के सामने वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णेंदु मुखर्जी के नेतृत्व में संकल्प पत्र अभियान का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कृष्णेंदु मुखर्जी ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछले 15 वर्षों से राज्य में सत्ता में हैं, लेकिन यहां पर युवाओं के लिए कोई काम नहीं किया गया है। यही वजह है कि अब लोग परेशान हो चुके हैं और सत्ता में परिवर्तन चाहते हैं। वह भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में देखना चाहते हैं और भारतीय जनता पार्टी भी एक नए बंगाल के निर्माण के लिए लोगों से राय ले रही है।
इसके लिए एक ड्रॉप बॉक्स रखा गया है, जिसमें लोग अपनी राय लिखकर डाल रहे हैं ताकि भारतीय जनता पार्टी यह जान सके कि जब वह बंगाल में सत्ता में आ जाएंगे तो यहां पर कौन सी परियोजनाएं लागू करनी है। राज्य सरकार के युवा साथी परियोजना पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि 2013 में भी इस तरह की एक परियोजना लागू की गई थी, जिसे अचानक बंद कर दिया गया। अब जुबो साथी नाम से नई परियोजना शुरू करके युवाओं को बेवकूफ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जितने युवा इस नई परियोजना के लिए पंजीकरण करेंगे, उसे साबित होगा कि बंगाल में कितनी तादाद में बेरोजगारी है।













