कीर्ति आजाद का अमित शाह पर हमला: भाजपा नेताओं को बताया ‘बरसाती मेंढक’, मोदी सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
दुर्गापुर । दुर्गापुर के सांसद कीर्ति आजाद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे से पहले उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा नेताओं की तुलना ‘बरसाती मेंढकों’ से करते हुए कहा कि जैसे बारिश में मेंढक टर्राते हैं, वैसे ही चुनाव आते ही भाजपा के नेता बंगाल आकर शोर मचाने लगते हैं।
कीर्ति आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के नागरिकों को 15 लाख रुपये देने और करोड़ों युवाओं को रोजगार देने का वादा महज एक चुनावी जुमला बनकर रह गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री दाढ़ी बढ़ाकर खुद को रवींद्रनाथ टैगोर समझने लगते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि उनके कार्यकाल में दुर्गापुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के सार्वजनिक उपक्रम बंद हो रहे हैं।
वहीं, कीर्ति आजाद ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार जनहितैषी है और युवाओं के भविष्य को लेकर संवेदनशील है। ‘युवा साथी’ परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इस भत्ते से बेरोजगार युवाओं को अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और दैनिक खर्चों में बड़ी मदद मिलेगी।













