गोधूलि गुरुद्वारा की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन, गुरु नानक गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव की घोषणा
आसनसोल। गुरु नानक गुरुद्वारा बड़ा गोधूलि की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन अखंड पाठ के साथ किया गया। दो दिनों तक चले अखंड पाठ का समापन बुधवार को हुआ, जिसके बाद गुरबाणी कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब से आए भाई जतिंद्र सिंह कीर्तनी जत्था तथा कोलकाता से पहुंचे जसवंत सिंह के कीर्तन जत्था ने गुरबाणी का गायन कर संगत को निहाल किया।
गुरुद्वारा प्रधान अमरजीत सिंह भरारा ने कहा कि उनके दो कार्यकाल के दौरान गुरु घर की सेवा पूरी निष्ठा के साथ करने का प्रयास किया गया। इस अवधि में दो गुरु घरों की इमारतों का नवीनीकरण कराया गया, जिनमें गोधूलि गुरुद्वारा की नई इमारत का कार्य भी पूर्ण हुआ है। उन्होंने बताया कि अखंड पाठ के साथ गुरु घर में गुरबाणी का प्रवाह पुनः प्रारंभ हो गया है।
उन्होंने कहा कि कमेटी की पूरी टीम ने स्कूलों को भी उन्नत करने का कार्य किया है। साथ ही संगत को जानकारी दी कि कमेटी के दूसरे कार्यकाल का अंतिम दिन आने से पहले ही चुनाव प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस बार मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में अनिल सिंह गंभीर को नियुक्त किया गया है। जो भी प्रधान पद के लिए आवेदन करना चाहता है, वह अनिल सिंह गंभीर से संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि संगत द्वारा दी गई सेवा और गुरुद्वारा के नियमों का समय से पहले पालन किया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी संगतों का उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के कानून सह श्रम मंत्री मलय घटक और मेयर परिषद के सदस्य गुरुदास चटर्जी भी उपस्थित रहे। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में गुरुद्वारा प्रधान अमरजीत सिंह भरारा ने सभी अतिथियों और संगत का आभार व्यक्त किया।












