अभिषेक बनर्जी का बड़ा आरोप: सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन, वोटर लिस्ट को लेकर आयोग पर सवाल
कलकत्ता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए चुनाव आयोग व्हाट्सएप के माध्यम से निर्देश दे रहा है। उनके अनुसार, विशेष रोल ऑब्जर्वर सी. मुरुगन माइक्रो ऑब्जर्वर को सीधे निर्देश दे रहे हैं कि वे वोटर लिस्ट से नाम हटाने की संख्या बढ़ाएं। इसके अलावा, यह भी आरोप लगाया गया है कि रोल ऑब्जर्वर के लॉगइन से संबंधित जानकारी का इस्तेमाल कर एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।
इस मामले में अभिषेक बनर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और चेतावनी दी है कि इस मुद्दे को अदालत में ले जाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजनीतिक हलकों में इस आरोप के बाद हड़कंप मच गया है। चुनाव आयोग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।












