सुरक्षा सर्वोपरि, कर्मचारियों का कल्याण हमेशा: डीआरएम आसनसोल ने मान्यता प्राप्त यूनियनों व एसोसिएशनों से की बैठक
आसनसोल । पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संग्राह मौर्य ने 19.02.2026 को मंडल की मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की। यह बैठक कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित की गई।
बैठक में ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस, ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन, ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे इम्प्लॉइज एसोसिएशन तथा ऑल इंडिया ओबीसी रेलवे इम्प्लॉइज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कर्मचारियों के कल्याण, सेवा संबंधी मुद्दों तथा परिचालन समन्वय से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान रेलवे प्रशासन और मान्यता प्राप्त यूनियनों/एसोसिएशनों ने मंडल के समग्र विकास के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने पर सहमति जताई। यह भी कहा गया कि कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं का समाधान समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि सकारात्मक कार्य वातावरण बना रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि रेलवे के कार्यों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों से अपील की कि वे कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा दैनिक कार्यों में सतर्क रहने के लिए प्रेरित करें। बैठक आपसी संवाद को निरंतर बनाए रखने तथा आसनसोल मंडल में सुरक्षित एवं कुशल रेल संचालन को मजबूत करने के संकल्प के साथ संपन्न हुई।












