आसनसोल महाबीर स्थान मंदिर में नई कमेटी के गठन पर विवाद, तीन समितियों ने उठाए सवाल
आसनसोल । आसनसोल जीटी रोड स्थित महाबीर स्थान मंदिर में नई कमेटी के गठन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राज्य के मंत्री मलय घटक के नेतृत्व में हुई बैठक में आसनसोल महाबीर स्थान सेवा समिति और सार्वजनिक दुर्गापूजा अखाड़ा कमेटी को लेकर एक नई कमेटी की सहमति बनी थी, लेकिन अखबार में छपी खबर के अनुसार केवल दो समितियों को ही बैठक में बुलाया गया था। इस खबर के आने के बाद बाजार में हलचल पैदा हो गई। गौरतलब है कि मन्दिर में 5 कमेटी है, जिसमें आसनसोल महाबीर स्थान सेवा समिति, सार्वजनिक दुर्गापूजा अखाड़ा कमेटी, गणेश पूजा समिति, महिला समिति एवं हनुमान जन्मउत्सव समिति। अखबार में खबर छापने के बाद तीन समिति के प्रतिनिधि आसनसोल महाबीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा के ऑफिस में आकर मिले। उन्होंने कहा कि वे लोग भी मंदिर से लगभग 30 से 40 साल से जुड़े हैं और उनका भी मंदिर में योगदान है। उन्होंने सवाल उठाया कि उन्हें बिना सूचना के मंदिर की नई कमेटी का गठन कैसे हुआ? अरुण शर्मा ने कहा कि अभी कोई भी कमेटी का गठन नहीं हुआ है और आगामी रविवार को पुनः मंत्री जी के द्वारा बैठक बुलाया गया है, जिसमें बाकी सभी समितियों को बुलाया जा सकता है।












