गैस सिलेंडर संकट: आसनसोल में प्रदर्शनकारियों ने जाम किया सड़क, एजेंसी पर लगाया कालाबाजारी का आरोप
आसनसोल । आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के एलआईसी मोड़ पर मंगलवार को गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज ग्राहकों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर आसनसोल से पुरुलिया और झारखंड जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया और गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एजेंसी की ओर से उन्हें गैस सिलेंडर के लिए स्लिप तो दी जाती है, लेकिन 15 से 20 दिनों से लगातार चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी पर कालाबाजारी और वादाखिलाफी का आरोप लगाया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और प्रशासन की ओर से दोपहर एक से दो बजे के बीच गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गैस सिलेंडर नहीं मिला, तो वे एजेंसी के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे।












