मारवाड़ी महिला सम्मेलन की पहल: 150+ महिलाओं ने ली ऑनलाइन शतरंज प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय मास्टर अतनु लाहिड़ी ने सिखाए दांव-पेंच’
आसनसोल, 19 मई 2026। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए 3 दिवसीय निःशुल्क ऑनलाइन शतरंज प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया। राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण प्रकल्प के तहत 17 से 19 मई तक जूम के माध्यम से चले इस प्रशिक्षण में देशभर से 150 से ज्यादा महिलाओं ने हिस्सा लिया।
राष्ट्रमंडल विजेता ने दिया प्रशिक्षण:
इस विशेष प्रशिक्षण का संचालन अंतरराष्ट्रीय मास्टर, पूर्व राष्ट्रमंडल विजेता और फिडे प्रमाणित कोच अतनु लाहिड़ी ने किया। वे शतरंज फॉर चेंज फाउंडेशन से जुड़े हैं और देशभर में बच्चों व महिलाओं तक शतरंज शिक्षा पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
मस्तिष्क विकास पर जोर:
अतनु लाहिड़ी ने बेहद सरल और रोचक अंदाज में प्रतिभागियों को शतरंज की बुनियादी जानकारी, रणनीतियां और खेल की बारीकियां सिखाईं। फाउंडेशन का मकसद शतरंज को सिर्फ खेल नहीं, बल्कि मस्तिष्क विकास, जीवन कौशल और रणनीतिक सोच के माध्यम के रूप में बढ़ावा देना है।
महिलाओं में एकाग्रता-आत्मविश्वास बढ़ाना लक्ष्य:
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को मानसिक रूप से सशक्त बनाना और उनमें एकाग्रता, आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता व रणनीतिक सोच विकसित करना था। प्रतिभागियों ने इस पहल की जमकर सराहना की और भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण जारी रखने की मांग की।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी:
सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी और राष्ट्रीय सचिव बबीता बगड़िया ने सभी प्रतिभागियों और प्रशिक्षक अतनु लाहिड़ी का आभार जताया। राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण प्रमुख चंदा संतुका का विशेष मार्गदर्शन रहा, जबकि कार्यक्रम की संयोजक राष्ट्रीय तकनीक प्रमुख मधु डुमरेवाल रहीं।
सम्मेलन ने बताया कि आगे भी महिलाओं के लिए नियमित शतरंज प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर पर महिला शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इस बौद्धिक खेल से जुड़ सकें। सम्मेलन सत्र 2026-28 में बच्चों और महिलाओं के बौद्धिक विकास के लिए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम जारी रखेगा।














