‘आसनसोल में STF का बड़ा एक्शन: अंतरराष्ट्रीय आर्म्स डीलर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, मुंगेर से लाए थे हथियार’
आसनसोल। बंगाल STF और आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने मंगलवार आधी रात लोको मैदान के पास छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय आर्म्स डीलर गिरोह के दो सदस्यों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गापुर के नईम नगर निवासी फिरोज खान और रेलपार बबुआ तालाब निवासी मोहम्मद सोनू के रूप में हुई है।
हथियार सप्लाई से पहले धरे गए:
STF ने आरोपियों के पास से दो 9 एमएम पिस्टल, दो पाइप गन, 30 राउंड गोली और 1570 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों आरोपी मुंगेर से हथियार लाकर आसनसोल के रेलपार इलाके में किसी गिरोह को सप्लाई करने वाले थे। इससे पहले ही STF ने जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया।
7 दिन की पुलिस रिमांड:
बुधवार को दोनों आरोपियों को आसनसोल सीजीएम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। छापेमारी टीम में अवर निरीक्षक बिस्वरूप राय, सफीकुल इस्लाम और सहायक अवर निरीक्षक धीमान दत्त शामिल थे।
बड़ा हादसा टला:
पुलिस का मानना है कि अगर ये हथियार आसनसोल में सप्लाई हो जाते तो इलाके का माहौल बिगड़ सकता था। फिलहाल STF और स्थानीय पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य सदस्यों की तलाश में जांच कर रही है।














