सेल-आईएसपी की बड़ी कार्रवाई: नरसिंह बांध में 6000 वर्गफुट जमीन से हटाया अवैध कब्जा, अवैध निर्माण ध्वस्त
बर्नपुर। सेल-इस्को स्टील प्लांट ने अपनी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। एस्टेट विभाग ने मंगलवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से नरसिंह बांध मौजा में अवैध रूप से बने एक ढांचे को ध्वस्त कर करीब 6000 वर्गफुट जमीन कब्जे से मुक्त कराई।
पब्लिक हेल्थ ऑफिस के सामने था अवैध निर्माण:
सेल-आईएसपी के पब्लिक हेल्थ ऑफिस के ठीक सामने अवैध रूप से यह संरचना बनाई गई थी। मंगलवार को एस्टेट विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शांतिपूर्ण तरीके से पूरे निर्माण को गिरा दिया।
भविष्य में कब्जा रोकने के लिए क्षेत्र सील:
कार्रवाई के तुरंत बाद अतिक्रमण हटाए गए पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। ताकि दोबारा कोई अवैध कब्जा न हो सके। अब यह 6000 वर्गफुट जमीन फिर से सेल-आईएसपी के कब्जे में आ गई है।
अवैध कब्जों पर जीरो टॉलरेंस’ – सेल प्रबंधन:
सेल-आईएसपी प्रबंधन ने साफ किया है कि कंपनी की संपत्ति और जमीन की सुरक्षा के लिए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी है। प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि कंपनी की जमीन पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे या निर्माण के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सेल-आईएसपी की इस कार्रवाई के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप है।














