Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

हरीपुर में सियासी ‘घर वापसी’: TMC के कब्जे से मुक्त हुआ विधायक कार्यालय, जितेंद्र तिवारी ने फीता काटकर जनता को किया समर्पित

पांडवेश्वर। पांडवेश्वर विधानसभा के हरीपुर में बुधवार को सियासी हलचल तेज हो गई जब विधायक जितेंद्र तिवारी ने अपने पुराने विधायक कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया। ढोल-नगाड़ों और समर्थकों की भारी भीड़ के बीच फीता काटकर कार्यालय को फिर से जनता के लिए खोल दिया गया। इस ‘घर वापसी’ से इलाके का राजनीतिक पारा चढ़ गया है।

5 साल बाद फिर जनता का दरबार:
यह वही कार्यालय है जिसे जितेंद्र तिवारी ने अपने विधायक कार्यकाल में जनसेवा के लिए बनवाया था। आरोप है कि 2021 में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस ने इस पर कब्जा कर इसे पार्टी कार्यालय बना दिया था। अब तीन साल बाद इसे कब्जे से मुक्त कराकर फिर से विधायक कार्यालय के रूप में स्थापित किया गया है, ताकि आम आदमी बिना किसी रोक-टोक के अपनी फरियाद लेकर पहुंच सके।

‘यह दफ्तर जनता की अमानत था’ – तिवारी का तंज:
उद्घाटन के बाद विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा, “यह कार्यालय मैंने क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए अपनी निधि से बनवाया था। लेकिन राजनीतिक द्वेष के चलते इसे एक दल का अड्डा बना दिया गया। आज इसे फिर से जनता को समर्पित कर रहा हूं। अब यहां जाति, धर्म और पार्टी देखकर नहीं, सिर्फ इंसानियत देखकर काम होगा। हर वर्ग के लिए इसके दरवाजे 24 घंटे खुले हैं।”

TMC की गुटबाजी पर साधी चुप्पी:
पूर्व विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के खिलाफ उनकी ही पार्टी के कीर्ति मुखर्जी और सुजीत मुखर्जी के बयानों पर पूछे गए सवाल को तिवारी ने चतुराई से टाल दिया। उन्होंने कहा, “मेरा एक ही एजेंडा है – पांडवेश्वर का विकास। दूसरी पार्टियों की अंदरूनी लड़ाई में मुझे कोई दिलचस्पी नहीं है।”

भाजपा का हमला: ‘लोकतंत्र की जीत हुई’
मंडल-दो अध्यक्ष बेनुधर मंडल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “यह तृणमूल के तानाशाही रवैये की हार और लोकतंत्र की जीत है। जितेंद्र तिवारी ने जो जनता के लिए बनाया था, TMC ने गुंडागर्दी से उस पर कब्जा कर लिया था। आज कार्यालय वापस जनता को मिला है। अब हरिपुर ही नहीं, पूरे पांडवेश्वर की आवाज सीधे विधायक तक पहुंचेगी।”

स्थानीय लोगों में खुशी की लहर:
कार्यालय दोबारा खुलने से स्थानीय लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखी। लोगों का कहना है कि पिछले तीन साल से उन्हें अपनी समस्याएं लेकर भटकना पड़ता था। अब उम्मीद है कि उनकी शिकायतों का तुरंत समाधान होगा।
इस‌ मौके पर पार्षद गौरव गुप्ता, अमित तुलस्यान, पूर्व पार्षद अभिजीत आचार्य, एआईएफटीयू नेता बुम्बा मुखर्जी, विक्की चौरसिया , संजय यादव आदि उपस्थित थे।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *