Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

‘एटक से जुड़े सीएमएस जेके नगर शाखा के पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा, केंद्रीय नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप’

आसनसोल। श्रमिक संगठन एटक से संबद्ध कोलियरी मजदूर सभा (सीएमएस) में इस्तीफों का दौर थम नहीं रहा है। ईसीएल श्रीपुर एरिया के बाद अब सातग्राम एरिया की जेके नगर शाखा के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों ने गुरुवार को सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा पत्र स्पीड पोस्ट के जरिए अपर चेलीडांगा, आसनसोल स्थित सीएमएस महासचिव को भेजा गया है।

केंद्रीय नेतृत्व पर पक्षपात का आरोप:
सामूहिक इस्तीफा पत्र में यूनियन के केंद्रीय नेतृत्व पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पत्र में कहा गया कि केंद्रीय नेतृत्व संगठनात्मक निष्पक्षता और पारदर्शिता के बजाय किसी विशेष समूह का पक्ष लेने में व्यस्त है।

बिना सूचना हटाए गए सदस्य, प्रतिनिधित्व में भेदभाव:
1. जेके नगर शाखा समन्वय समिति के उन सदस्यों को, जिन्होंने वेलफेयर कमेटी में काम किया था, बिना पूर्व सूचना या उचित कारण के क्षेत्रीय समिति से हटा दिया गया।
2. सीएमएस महासचिव ने क्षेत्र का दौरा कर बैठकें कीं, लेकिन जेके नगर शाखा को कोई राहत या सुधार नहीं दिया गया।
3. 417 सदस्यों वाली जेके नगर शाखा को प्रतिनिधित्व से पूरी तरह वंचित रखा गया। जब अध्यक्ष द्वारा नामित प्रारंभिक प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हो सका, तो महासचिव ने वह स्थान पुनः आवंटित नहीं किया।
4. इसके उलट, सिर्फ 50 सदस्यों वाली सतग्राम इंक्लाइन शाखा को दो प्रतिनिधि दे दिए गए।

‘पीड़ादायक है, लेकिन विकल्प नहीं बचा’:
जेके नगर शाखा के सचिव सतेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा, “हमने एटक ट्रेड यूनियन का समर्थन और सेवा की है, इसलिए वर्तमान स्थिति अत्यंत पीड़ादायक है। लेकिन केंद्रीय नेतृत्व लगातार हमारी अनदेखी कर रहा है, जरूरी सुधारों को अस्वीकार कर रहा है और अन्यायपूर्ण व्यवहार कर रहा है। इसलिए इस्तीफे के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।”

इन्होंने दिया इस्तीफा:
सामूहिक इस्तीफा देने वालों में सचिव सतेंद्र प्रसाद सिंह, सहायक सचिव अनंत कुमार, उपाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद यादव, राधे हरिजन समेत कुल 11 सदस्य शामिल हैं।

गौरतलब है कि बीते दिनों श्रीपुर एरिया की कई शाखाओं के पदाधिकारियों ने भी इसी तरह सामूहिक इस्तीफा दिया था। लगातार हो रहे इस्तीफों से एटक से जुड़े सीएमएस संगठन में हलचल मची हुई है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *