Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

फोसबेकी का बड़ा ऐलान: 6 जून को आसनसोल में 9 भाजपा विधायकों का सम्मान, विकास के लिए रखी जाएंगी 5 बड़ी मांगें

आसनसोल। पश्चिम बर्दवान जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए फेडरेशन ऑफ साउथ बंगाल चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने कमर कस ली है। रविवार को आश्रम मोड़ स्थित होटल पार्वती में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में फोसबेकी अध्यक्ष सचिन राय ने कई बड़े ऐलान किए।

6 जून को सम्मान समारोह, जुटेंगे 11 जिलों के प्रतिनिधि
सचिन राय ने बताया कि आगामी 6 जून को सुबह 11 बजे आसनसोल क्लब में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें पश्चिम बर्दवान जिले से चुनाव जीतने वाले सभी 9 भाजपा विधायकों को फोसबेकी की तरफ से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले को एक कैबिनेट मंत्री भी मिला है, जो मुख्यमंत्री के बाद सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाल रही हैं। इस कार्यक्रम में फोसबेकी के सभी 11 जिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

विधायकों के सामने रखी जाएंगी ये 5 प्रमुख मांगें
सचिन राय ने कहा कि सम्मान समारोह के साथ-साथ मंत्री और सभी विधायकों के सामने जिले की मूलभूत समस्याओं का मांग पत्र भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधन भरपूर होने के बावजूद अपेक्षित औद्योगिक विकास नहीं हो पा रहा है।

1. जीटी रोड पर फ्लाई ओवर: आसनसोल में जाम की समस्या से औद्योगिक विकास बाधित हो रहा है। जीटी रोड पर फ्लाई ओवर बनने से आवागमन सुगम होगा और शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी।

2. दामोदर नदी पर नया ब्रिज: बांकुड़ा-पुरुलिया के साथ पश्चिम बर्दवान का संपर्क बेहतर बनाने के लिए दामोदर पर ब्रिज जरूरी है। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

3. स्पेशल इकोनॉमिक जोन: आसनसोल और आसपास के इलाकों में SEZ बनाने से युवाओं को रोजगार मिलेगा। सचिन राय ने कहा कि रोजगार न मिलने से पश्चिम बर्दवान “वृद्धाश्रम” में बदल रहा है, क्योंकि युवा बाहर पलायन कर रहे हैं।

4. बर्नपुर एयरपोर्ट शुरू हो: बर्नपुर एयरपोर्ट चालू होने से पूरे क्षेत्र में उड्डयन क्रांति आएगी। साथ ही अंडाल एयरपोर्ट से और शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की मांग भी रखी गई।

5. औद्योगिक निवेश का माहौल: सभी विधायकों से अनुरोध किया जाएगा कि वे उद्योग लगाने और रोजगार बढ़ाने के लिए ठोस नीति बनाएं। 

‘डबल इंजन सरकार से बड़ी उम्मीदें’
फोसबेकी के पदाधिकारियों ने एक सुर में कहा कि पिछले 50 सालों से केंद्र-राज्य के खराब रिश्तों के कारण बंगाल का विकास रुका रहा। अब डबल इंजन की सरकार बनने से उम्मीद है कि आसनसोल और बंगाल का औद्योगिक विकास तेज होगा। सदस्यों ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में लिए जा रहे फैसलों पर संतोष जताया और कहा कि विकास के हर सकारात्मक कदम में संगठन सरकार के साथ है।

संवाददाता सम्मेलन में ये रहे मौजूद: आसनसोल मर्चेंट चैंबर अध्यक्ष हीरेन व्यास, फोसबेकी पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद खेतान, सचिव संदीप झुनझुनवाला, सोमेंन चटर्जी, मनोज सराफ और गौरीशंकर अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *