‘गर्मी में रक्त की कमी दूर करने की पहल: आसनसोल में रक्तदान शिविर आयोजित, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने दिया सर्टिफिकेट’
आसनसोल । आसनसोल आर्टिस्ट वेलफेयर सोसाइटी, जीवन सुरक्षा और आसनसोल हेल्थ वर्ल्ड हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से रविवार को रवींद्र नगर क्लब में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बावजूद शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी रहे मुख्य अतिथि
इस मौके पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके इस नेक कार्य की सराहना की।
रक्तदान से बचती है कई जिंदगियां’: विधायक
विधायक मुखर्जी ने कहा कि गर्मी के मौसम में अक्सर ब्लड बैंकों में रक्त की कमी हो जाती है। ऐसे समय में रक्तदान शिविर का आयोजन बेहद सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा, “इस तरह के शिविरों से बहुत से जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचती है। मैं आयोजकों को धन्यवाद देता हूँ और चाहता हूँ कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार होते रहें।”
आयोजकों ने बताया कि शिविर में एकत्र रक्त को आसनसोल जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में जमा किया जाएगा, ताकि थैलेसीमिया, एनीमिया और आपातकालीन मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम में सोसाइटी के सदस्य, डॉक्टर और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।














