‘आसनसोल बाजार में गूंजी व्यापारी एकता: विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी का भव्य सम्मान, सौंपा 10 सूत्री डेपुटेशन’
आसनसोल । श्री सनातन बाजार व्यापार उत्थान समिति, आसनसोल बाजार की ओर से रविवार को M.H. Street, सरकारी कुआँ स्थित आसनसोल बाजार में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाजार की एकजुटता देखने को मिली और सैकड़ों व्यापारियों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया।
विधायक को सौंपा गया 10 सूत्री डेपुटेशन
समारोह के दौरान समिति ने विधायक जी को आसनसोल बाजार की ज्वलंत समस्याओं से संबंधित विस्तृत डेपुटेशन पत्र सौंपा।
इसमें मुख्य रूप से ये मुद्दे उठाए गए:
1. सार्वजनिक शौचालय की कमी
2. बाजार में बढ़ता अतिक्रमण
3. ट्रैफिक जाम और ग्राहकों को परेशानी
4. आवारा गाय और सांडों की समस्या
5. बाजार की सफाई व्यवस्था
6. नियमित पुलिस पेट्रोलिंग
7. कूड़ा निष्पादन की उचित व्यवस्था
8. बारिश में जल जमाव और ड्रेनेज सफाई
9. बाहरी ग्राहकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
10. *“जिला: आसनसोल होना चाहिए”* – इसे केवल नारा नहीं, बल्कि जनता और व्यापारियों की आवाज बताया गया।
‘व्यापारियों के साथ हूँ, कट मनी बर्दाश्त नहीं’: विधायक
व्यापारियों को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि वे हमेशा व्यापारी समाज के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश दिए जाएंगे ताकि आसनसोल बाजार को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
विधायक ने दो टूक कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है और “कट मनी” के खिलाफ पूरी तरह सख्त है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि यदि कोई भी अवैध वसूली की मांग करे तो सीधे उनसे संपर्क करें।
ये गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में भृगु ठाकुर, मनोहर भाई पटेल, विवेक बर्णवाल, प्रकाश दीवान, शंकर लाल क्याल, रतन लाल मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। समिति के महेश क्याल, प्रदीप अग्रवाल, मोनी भालोटिया, संजय कुमार सुलतानिया, प्रकाश बर्णवाल, राजेश कुशवाह, राजेश साव, बिरेंद्र बर्मन, दीपक साव, विक्की बर्मन, सुरेन्द्र बर्णवाल, अनिल साव एवं आशीष साव ने सक्रिय भूमिका निभाई।
समिति ने सभी व्यापारी बंधुओं, अतिथियों और मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए “जय व्यापार एकता” का नारा बुलंद किया।














