निषेधाज्ञा के बावजूद दामोदर में नहाने उतरा 8वीं का छात्र, डूबने से मौत: दुर्गापुर में पसरा मातम
दुर्गापुर । नदी में नहाने पर लगी रोक को अनदेखा कर दामोदर नदी में उतरे एक 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। काफी देर की तलाश के बाद स्थानीय लोगों ने उसका शव बरामद किया। मृतक का नाम आयुष शर्मा है, जो दुर्गापुर के कोक ओवन थाना क्षेत्र के सिनेमा हॉल रोड का रहने वाला था।
दोस्तों के साथ नहाने गया था आयुष
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह आयुष अपने तीन दोस्तों के साथ दामोदर नदी में नहाने गया था। शुरुआत में सभी नदी किनारे सामान्य रूप से नहा रहे थे। तभी अचानक आयुष गहरे पानी में चला गया। तैरना नहीं आने के कारण वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते पानी में डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत तलाश शुरू की। काफी देर बाद स्थानीय लोगों की मदद से किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया।
अस्पताल में मृत घोषित
आयुष को तुरंत दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आयुष दुर्गापुर के विधाननगर स्थित एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ लग गई। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने बताया कि नदी में नहाने पर प्रतिबंध के बावजूद बच्चे नदी में उतरे थे। मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को नदी या तालाब में अकेले न जाने दें।














