‘बंगाल में सत्ता परिवर्तन का असर: बर्नपुर में तृणमूल के अवैध कार्यालयों पर चला बुलडोजर, SAIL-ISP ने तोड़ीं इमारतें’
बर्नपुर । पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सत्ता परिवर्तन के बाद अवैध निर्माणों पर कार्रवाई तेज हो गई है। पश्चिम बर्दवान जिले के इस्पात नगरी बर्नपुर में SAIL-ISP यानी इस्को कारखाना प्रबंधन ने अपनी जमीन पर बने तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों पर बुलडोजर चला दिया।
बिना अनुमति बनाए गए थे दफ्तर: SAIL-ISP
SAIL-ISP प्रबंधन का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस ने बिना अनुमति के उनकी जमीन पर अवैध रूप से ये दफ्तर बनाए थे। ISP प्रबंधन ने कई बार नोटिस जारी कर दफ्तर हटाने को कहा था, लेकिन तृणमूल शासनकाल में कोई कार्रवाई नहीं हुई। सत्ता बदलने के बाद अब नियम के तहत अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं।
काउंसिलर कंचन मुखोपाध्याय का दफ्तर भी ढहाया
सोमवार को आसनसोल नगर निगम के वार्ड 75 के तृणमूल काउंसिलर कंचन मुखोपाध्याय का दफ्तर भी बुलडोजर से गिरा दिया गया। कंचन मुखोपाध्याय ने बताया, “जनता के हित में काम करने के लिए यह कार्यालय बनाया था। रविवार शाम 5 बजे अचानक ISP अधिकारी आए और दफ्तर खाली करने को कहा।”
उन्होंने कहा, “मैंने सामान हटाने के लिए 3-4 दिन का समय मांगा था, लेकिन सुबह ही बुलडोजर से दफ्तर तोड़ दिया गया।” साथ ही जोड़ा, “अगर सरकार विकास के लिए कदम उठाती है तो मैं सरकार के साथ हूं। सरकार या ISP के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है।”
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
ISP प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार ही अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी बर्नपुर में पिछले कुछ दिनों में तृणमूल काउंसिलर अशोक रुद्र समेत कई नेताओं के दफ्तरों पर ISP बुलडोजर चला चुका है।
सत्ता परिवर्तन के बाद बर्नपुर में SAIL की जमीन से अवैध कब्जे हटाने का अभियान तेज कर दिया गया है।














