Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

‘सत्ता बदलते ही बदली आसनसोल की पहचान: कालीपहाड़ी वेलकम गेट से हटाया ‘विश्व बांग्ला’ लोगो, अब लगेगा ‘अशोक स्तंभ”

आसनसोल । राज्य में राजनीतिक सत्ता परिवर्तन के बाद आसनसोल की पहचान भी बदलने लगी है। मंगलवार को कालीपहाड़ी स्थित शहर के प्रतिष्ठित ‘आसनसोल वेलकम गेट’ पर बड़ा बदलाव देखने को मिला। क्रेन की मदद से गेट के ऊपर लगा ‘विश्व बांग्ला’ का विशाल लोगो उतार दिया गया।

CM शुभेंदु अधिकारी के आदेश पर हो रही कार्रवाई
दरअसल, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सत्ता संभालते ही प्रशासनिक स्तर पर बड़ा नीतिगत फैसला लिया है। नए सरकारी निर्देशों के मुताबिक, राज्य के सभी प्रमुख स्थानों और सरकारी प्रतीकों से ‘विश्व बांग्ला’ का लोगो हटाया जाएगा। उसकी जगह भारत का राष्ट्रीय प्रतीक ‘अशोक स्तंभ’ स्थापित किया जाएगा।

इसी आदेश के तहत अब सरकारी द्वारों और इमारतों से पुराने लोगो हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। आसनसोल का कालीपहाड़ी वेलकम गेट इस बदलाव का पहला गवाह बना।

‘सिटी का ब्रदरहुड आसनसोल वेलकम गेट’ की बदली तस्वीर
स्थानीय लोग इस गेट को ‘सिटी का ब्रदरहुड आसनसोल वेलकम गेट’ के नाम से भी जानते हैं। सालों से गेट के ऊपर लगा ‘विश्व बांग्ला’ का लोगो शहर में आने वालों का स्वागत करता था। मंगलवार को जब क्रेन से इस लोगो को उतारा गया, तो बड़ी संख्या में लोग इसे देखने के लिए जुट गए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जल्द ही यहां ‘अशोक स्तंभ’ का प्रतीक लगाया जाएगा। इसके अलावा जिले के बाकी सरकारी भवनों, सीमा द्वारों और योजनाओं के बोर्ड से भी ‘विश्व बांग्ला’ का लोगो हटाने का काम शुरू हो गया है।

राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे
‘विश्व बांग्ला’ लोगो पिछली सरकार की पहचान माना जाता था। नई सरकार के इस फैसले को राजनीतिक हलकों में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का कहना है कि राष्ट्रीय प्रतीकों को बढ़ावा देना प्राथमिकता है।

फिलहाल कालीपहाड़ी गेट पर लोगो हटाने के बाद अगला कदम ‘अशोक स्तंभ’ लगाने का होगा। स्थानीय लोगों में इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *