वित्त वर्ष 2025–26 में 54.76 मिलियन टन लोडिंग के साथ आसनसोल मंडल ने माल ढुलाई प्रदर्शन में अग्रणी स्थान प्राप्त किया
सीमेंट, स्टील एवं स्लैग तथा सामान्य माल खंडों में मजबूत वृद्धि
पूर्व रेलवे की कुल माल ढुलाई का आधे से अधिक योगदान आसनसोल मंडल का
आसनसोल । पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने एक बार फिर अपने परिचालन उत्कृष्टता का परिचय देते हुए वित्त वर्ष 2025–26 के दौरान कुल 54.76 मिलियन टन (एमटी) माल लोडिंग हासिल की है, जो पूर्व रेलवे की कुल 101.66 एमटी माल ढुलाई का 53.86% योगदान है।
यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्रमुख वस्तु खंडों में निरंतर वृद्धि के कारण संभव हुई है। सीमेंट लोडिंग 3.433 एमटी रही, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 7.95% की वृद्धि दर्शाती है। स्टील एवं स्लैग लोडिंग 4.719 एमटी रही, जिसमें 3.48% की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि सामान्य माल लोडिंग 11.87 एमटी तक पहुंची, जो 2024–25 की तुलना में 8.5% अधिक है।
उक्त अवधि के दौरान मंडल ने 60.48 एमटी माल अनलोडिंग भी संभाली, जो आगमन माल यातायात के कुशल प्रबंधन और निर्बाध लॉजिस्टिक्स संचालन की क्षमता को दर्शाता है।
विशेष रूप से, मंडल ने वित्त वर्ष 2025–26 में ₹4664.16 करोड़ का माल राजस्व अर्जित किया, जो पूर्व रेलवे के राजस्व में इसके महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाता है।
लोको उपयोग में सुधार, परिचालन योजना के अनुकूलन तथा ट्रेन परिचालन की बेहतर निगरानी के माध्यम से मंडल ने मजबूत माल ढुलाई प्रदर्शन के साथ-साथ यात्री ट्रेनों की समयपालनता भी बेहतर बनाए रखी है।
माल लोडिंग में निरंतर वृद्धि आसनसोल मंडल की पूर्व रेलवे के माल व्यवसाय को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है। मंडल क्षेत्र में अवसंरचना, निर्माण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों को समर्थन प्रदान करते हुए औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
आसनसोल मंडल दक्षता में और सुधार, नवाचारपूर्ण परिचालन पद्धतियों को अपनाने तथा सुरक्षा एवं सेवा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे यह भारतीय रेल के प्रमुख माल प्रदर्शन करने वाले मंडलों में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करता रहेगा।












