आसनसोल में हनुमान जयंती की भव्य महिमा: महाबीर स्थान मंदिर में उमड़ा जनसैलाब
आसनसोल । आसनसोल के जीटी रोड स्थित बड़ा पोस्ट ऑफिस के पास आसनसोल महाबीर स्थान मंदिर में सभी हनुमान भक्तगण द्वारा एवं आसनसोल महाबीर स्थान सेवा समिति सहयोगी संस्था के सहयोग से इस वर्ष हनुमान जयंती का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु इकट्ठे हुए और भक्तिभाव से भगवान हनुमान की पूजा अर्चना की। सुंदरकाण्ड पाठ नियामतपुर के हरे राम सिंह ने किया। इस अवसर पर बड़े पैमाने पर प्रसाद वितरण किया गया, और भंडारा का भी आयोजन किया गया जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
बबलू शर्मा, मधु शर्मा और विक्रम शर्मा ने अपने मधुर भजन से भक्तों को भजन सुनाया। देर रात तक मंदिर में भजन संध्या के आयोजन में श्रद्धालु नाचते-झूमते रहे और भगवान हनुमान के भजनों पर थिरकते नजर आए। इस भव्य आयोजन ने आसनसोल के लोगों के बीच एकता और भक्ति की भावना को और भी मजबूत किया। महाबीर स्थान मंदिर में हनुमान जयंती का यह उत्सव शहर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है, जिसने सभी को भगवान हनुमान की महिमा से जोड़ दिया। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष अरुण शर्मा, सचिव संजय जालान, कोषाध्यक्ष पारस सोनकर, नरेश अग्रवाल, विजय शर्मा, प्रबीर धर, शंभू धीवर, अजय सोनकर, अनिल जालान, सुनील जालान, मुकेश शर्मा, शिवप्रसाद बर्मन, प्रदीप अग्रवाल, गौतम राय, संजय गाड़ीवान, सौरभ गाड़ीवान, मनीष भगत, अभिषेक वर्मन, प्रकाश अग्रवाल, राजू शर्मा, रौनक जलन सहित गणेश पूजा समिति के सभी सदस्यगण और बाजार के सभी भक्तगण उपस्थित थे।












