आसनसोल के बाद अब कुल्टी में ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, DCP ने किया अवैध पार्किंग जोन का निरीक्षण’
आसनसोल, 28 मई 2026। आसनसोल शहर के जीटी रोड पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने के बाद अब आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस की ट्रैफिक शाखा कुल्टी पहुंच गई है। बुधवार को डीसीपी (ट्रैफिक) पी वी जी सतीश ने कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर फाड़ी के लछीपुर इलाके में कई जगहों पर पार्किंग जोन का निरीक्षण किया।
ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी भी रहे मौजूद
इस दौरान डीसीपी के साथ कुल्टी और नियामतपुर सब-ट्रैफिक गार्ड के अधिकारी भी मौजूद थे। पूरी टीम ने लछीपुर इलाके का दौरा कर यह जांच की कि कहीं सड़क किनारे अवैध रूप से गाड़ियां तो पार्क नहीं की जा रही हैं।
‘अवैध पार्किंग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं’
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में जाम की समस्या कम करने और पैदल चलने वालों को राहत देने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं भी अवैध या गैरकानूनी तरीके से पार्किंग न हो।
डीसीपी (ट्रैफिक) पी वी जी सतीश ने कहा, “आसनसोल के बाद अब कुल्टी इलाके में निगरानी रखी जा रही है। जहां भी अवैध पार्किंग मिलेगी, तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता को परेशानी हो, ऐसा कोई काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”_
जीटी रोड के बाद अब कुल्टी पर फोकस
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते ही ट्रैफिक पुलिस ने आसनसोल के जीटी रोड पर अवैध पार्किंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था। कई गाड़ियों का चालान काटा गया और कई जगहों से अवैध पार्किंग हटवाई गई। अब उसी कड़ी में कुल्टी में भी सख्ती शुरू हो गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोग काफी खुश हैं। लोगों को उम्मीद है कि लगातार अभियान चलने से इलाके में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी।














