‘बकरीद पर शांति-सौहार्द की अपील: इमाम एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन फिरोज खान ने कहा- सड़कों पर न पढ़ें नमाज, दूसरे धर्मों की भावनाओं का रखें ख्याल’
आसनसोल। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन फिरोज खान (FK) ने पश्चिम बंगाल के सभी मुस्लिम समुदाय के लोगों से बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही की जाए।
‘किसी को तकलीफ न हो, इसका रखें ध्यान’
फिरोज खान ने विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी लोग दूसरे धर्मों की भावनाओं और संवेदनाओं का पूरा सम्मान करें। ऐसा कोई भी कार्य न किया जाए जिससे किसी भी समुदाय को तकलीफ या असुविधा हो।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “हमारी नमाज़ या कुर्बानी की वजह से किसी भी धर्म या समुदाय के व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। यही इस्लाम की असली शिक्षा है।”
सड़कों पर नमाज न पढ़ने की अपील
वाइस चेयरमैन ने बकरीद की नमाज़ को लेकर भी खास हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि नमाज़ सड़कों, रास्तों या ऐसे किसी सार्वजनिक स्थान पर न पढ़ी जाए जिससे आम लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो। मस्जिदों और ईदगाहों में ही नमाज अदा करें ताकि यातायात और आम जनजीवन प्रभावित न हो।
प्रशासन का सहयोग करने की अपील
फिरोज खान ने सभी लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही राज्य की शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करने को कहा है, ताकि बकरीद का त्योहार पूरे राज्य में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि त्योहार खुशी और इबादत का मौका है, इसे विवाद या परेशानी का कारण नहीं बनने देना चाहिए।















