Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

DVC गेट विवाद पर भाजपा का पलटवार: मंडल अध्यक्ष राखाल चंद्र दास बोले- “पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं, सिंडिकेट राज भी नहीं चलने देंगे

अंडाल । डीवीसी गेट के सामने दो दिन पहले भाजपा समर्थकों के बीच हुई धक्का-मुक्की की घटना पर अब पार्टी ने सफाई दी है। बुधवार शाम भाजपा मंडल अध्यक्ष राखाल चंद्र दास ने सामने आकर पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी तरह की गुटबाजी या अंदरूनी विवाद नहीं है। विपक्षी दल जानबूझकर इस मामले को तूल दे रहे हैं।

‘बीएमएस नेताओं के स्वागत में जुटी थी भीड़’
मंडल अध्यक्ष राखाल चंद्र दास ने बताया कि डीवीसी में बीएमएस के नेताओं के आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक वहां पहुंच गए थे। समर्थकों की भीड़ ज्यादा होने और कुछ लोगों को कार्यक्रम की पहले से जानकारी न मिलने के कारण हल्की नाराजगी की स्थिति बनी थी।

उन्होंने कहा, “इसी छोटी सी बात को विपक्षी दलों ने गुटबाजी का रंग देने की कोशिश की। भाजपा हमेशा एकजुट है और जनता, श्रमिकों और स्थानीय लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है।”

रविंद्रनाथ राय बोले- बदनाम करने की साजिश
भाजपा नेता रविंद्रनाथ राय ने भी गुटबाजी की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हम लोग अपने बीएमएस के सभापति को सम्मानित करने पहुंचे थे। समर्थकों की भीड़ काफी ज्यादा हो गई थी, जिससे थोड़ी अफरा-तफरी हुई। लेकिन पार्टी में कोई विवाद नहीं है।

रविंद्रनाथ राय ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल भाजपा को बदनाम करने के लिए अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य मुद्दा डीवीसी क्षेत्र में स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाना है और पार्टी इसी को लेकर लगातार आवाज उठा रही है।

सिंडिकेट राज बर्दाश्त नहीं
इस दौरान मंडल अध्यक्ष राखाल चंद्र दास ने सिंडिकेट के मुद्दे पर कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने दो टूक कहा कि डीवीसी क्षेत्र में किसी भी तरह का सिंडिकेट राज नहीं चलने दिया जाएगा।

_”स्थानीय युवाओं के अधिकारों और रोजगार के लिए भाजपा की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। पार्टी का हर कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम कर रहा है,”_ राखाल चंद्र दास ने कहा।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *