Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

लालबंगला में बवाल: मातृशक्ति फॉर्म भरवा रहे बीजेपी कर्मियों पर हमला’, टीएमसी काउंसलर पर 20 लोगों के साथ लाठी-डंडे बरसाने का आरोप, महिला कार्यकर्ता से बदसलूकी

आसनसोल । पहले चरण के मतदान से चार दिन पहले आसनसोल में चुनावी हिंसा फिर भड़क गई है। लालबंगला इलाके में भाजपा ने आरोप लगाया है कि मातृशक्ति फॉर्म भरवा रहे उसके कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया।

’20-22 लोगों ने घेरकर पीटा, कपड़े फाड़े’
घटना आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 की है। भाजपा का आरोप है कि स्थानीय टीएमसी काउंसलर श्याम सोरेन के नेतृत्व में 20 से 22 लोग अचानक पहुंचे और लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला बोल दिया।

हमले में भाजपा कर्मी तेज प्रताप सिंह को बुरी तरह पीटा गया। सबसे गंभीर आरोप महिला कार्यकर्ता राखी हांसदा को लेकर है। भाजपा का कहना है कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और कपड़े फाड़ने की कोशिश हुई।

‘प्रचार किया तो अंजाम भुगतने की धमकी’
पीड़ित कार्यकर्ताओं ने बताया कि हमलावरों ने धमकी दी कि _”अगर इलाके में भाजपा का प्रचार किया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।”_

कृष्णेंदु मुखर्जी मौके पर पहुंचे, लगाया ‘पुलिस संरक्षण’ का आरोप
सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर से भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, _”टीएमसी हिंसा की राजनीति कर रही है। इन्हें पुलिस का संरक्षण मिला हुआ है, तभी इनका मनोबल इतना बढ़ा हुआ है। लोकतंत्र में फॉर्म भरवाना भी गुनाह हो गया है?”

थाने के सामने धरना, गिरफ्तारी की मांग
भाजपा ने आसनसोल नॉर्थ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के विरोध में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 23 अप्रैल को वोटिंग से पहले लालबंगला की इस घटना ने आसनसोल का सियासी पारा और गरमा दिया है। बुधा गांव के बाद अब लाल बंगला—भाजपा लगातार टीएमसी पर हमलावर है, जबकि टीएमसी इन आरोपों को चुनावी स्टंट बता रही है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *