“ECL और WBFDCL में बड़ा समझौता: पश्चिम बर्धमान में 95 हेक्टेयर में लगेंगे 2.11 लाख पेड़”
सांक्टोरिया । पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) ने एक बड़ा कदम उठाया है। ECL ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल वन विकास निगम लिमिटेड (WBFDCL) के साथ व्यापक वनीकरण को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
यह MoU कोलकाता के साल्ट लेक में आयोजित “अरण्य सप्ताह-2026” के उद्घाटन समारोह के दौरान किया गया।
किसने किया हस्ताक्षर
ECL की ओर से अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा और WBFDCL के ग्रीन प्रोजेक्ट्स विंग के CEO हरीश, IFS ने समझौते पर दस्तखत किए।
इस मौके पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री श्री सुभेंदु अधिकारी सहित वन मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव, वन विभाग के अपर मुख्य सचिव और PCCF जैसे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में ECL के निदेशक तकनीकी गिरीश गोपीनाथन नायर भी उपस्थित रहे।
क्या है योजना
इस समझौते के तहत *वित्तीय वर्ष 2026-27* में ECL, WBFDCL के ग्रीन प्रोजेक्ट्स विंग के माध्यम से *पश्चिम बर्धमान जिले में 95.39 हेक्टेयर जमीन* पर लगभग *2.11 लाख पौधे* लगवाएगा।
इस पहल का उद्देश्य वन क्षेत्र का विस्तार करना, पारिस्थितिकीय संतुलन बहाल करना, जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता बढ़ाना और सतत पर्यावरणीय प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
‘एकटी गाछ, माएर नामे’ अभियान का हिस्सा
यह वनीकरण कार्यक्रम राज्य सरकार के ‘एकटी गाछ, माएर नामे’ अभियान का हिस्सा है, जो केंद्र सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरित है। इसका मकसद संस्थाओं और आम लोगों को वृक्षारोपण में भागीदार बनाना है।
ECL के CMD सतीश झा ने कहा कि यह पहल कंपनी की पर्यावरणीय जिम्मेदारी को दर्शाती है। खनन के साथ-साथ हरियाली बढ़ाकर ECL राज्य के सतत विकास में अपना योगदान देगी।
ECL और WBFDCL की यह साझेदारी राज्य में अधिक हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
