आसनसोल रवींद्रनगर में 60वीं दुर्गा पूजा की खूंटी पूजा: थीम ‘त्रिपुरांतक धाम में गौरी
आसनसोल। जगन्नाथ देव के रथ के पहिए के घूमते ही भक्तों के दिल समझ जाते हैं कि अब मां दुर्गा के धरती पर आने का समय ज्यादा दूर नहीं है। रथयात्रा के पावन दिन से ही बंगाल में शारदीय उत्सव की तैयारी शुरू हो जाती है।
इसी कड़ी में आसनसोल के रवींद्रनगर उन्नयन समिति के 60वें वर्ष के शारदीय दुर्गोत्सव की खूंटी पूजा का शुभ आयोजन बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ।
‘त्रिपुरांतक धाम में गौरी’ है इस साल का थीम
समिति ने इस वर्ष दुर्गा पूजा के लिए ‘त्रिपुरांतक धाम में गौरी’ थीम चुनी है। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि इस थीम के जरिए देवी गौरी के त्रिपुरांतक स्वरूप और शक्ति की महिमा को भव्य तरीके से दर्शाया जाएगा।
खूंटी पूजा कार्यक्रम में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, क्लब के सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पवित्र मुहूर्त में विधि-विधान के साथ खूंटी पूजन कर पंडाल निर्माण की शुरुआत की गई।
मौके पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा, “रथयात्रा से ही मां के आगमन की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। 60 साल का यह सफर हमारे लिए गर्व की बात है। इस बार हम भक्तों को एक अलग और आध्यात्मिक अनुभव देने की कोशिश करेंगे।”
रथयात्रा के दिन हुई इस खूंटी पूजा के साथ ही आसनसोल में दुर्गा पूजा की तैयारियों ने औपचारिक रूप से जोर पकड़ लिया है।














