“आसनसोल: मुर्गाशोल में स्कूली वैन और मिनीबस की भीषण टक्कर, 5 छात्राएं घायल, 25 मीटर तक घसीटी गई गाड़ी”
आसनसोल । शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे आसनसोल के मुर्गाशोल स्थित पैंटालून्स शोरूम के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एक मिनीबस ने कलकत्ता गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं को ले जा रही मारुति ओमनी वैन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन को करीब 25 मीटर तक घसीटते हुए ले जाया गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
इस दुर्घटना में 5 स्कूली छात्राएं घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल छात्राओं को तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मिनीबस को जब्त कर लिया है और यातायात को सुचारू किया।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद इलाके के लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि स्कूल के समय में इस तरह लापरवाही से वाहन चलाना बेहद खतरनाक है। उन्होंने प्रशासन से स्कूल समय में तेज गति से चलने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।














