Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

कुल्टी के लच्छीपुर में करोड़ों का पार्किंग घोटाला, अवैध वसूली से नगर निगम को हर महीने लाखों का नुकसान – CM से उच्चस्तरीय जांच की मांग

आकाश कुमार सिंह 

आसनसोल । कुल्टी थाना अंतर्गत लालबती क्षेत्र के लच्छीपुर में पार्किंग के नाम पर करोड़ों के राजस्व घोटाले का मामला सामने आया है। वैध पार्किंग संचालक और भाजपा कुल्टी मंडल 4 के महासचिव काजल दास ने इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री, नगर निगम विकास मंत्री, स्थानीय विधायक सहित पुलिस के आला अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी है और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

3 पार्किंग, 2 अवैध – रोजाना 50 हजार की वसूली
शिकायत में कहा गया है कि लच्छीपुर में वर्तमान में 3 पार्किंग संचालित हैं। इनमें से 2 पार्किंग पूरी तरह अवैध हैं। ये न तो नगर निगम को कोई रेवेन्यू देती हैं और न ही इनके पास वैध टेंडर है।

आरोप है कि इंडियन पार्किंग उर्फ यादव पार्किंग के संचालक गब्बर खान और राय पार्किंग के संचालक केवल एक ऑनलाइन ट्रेड लाइसेंस दिखाकर प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं। दोनों पिछले 5 सालों से बिना निगम की अनुमति के चल रहे हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इन दोनों पार्किंगों में रोजाना करीब 100 गाड़ियां लगती हैं और प्रत्येक गाड़ी से 500 रुपये की अवैध वसूली की जाती है। इस हिसाब से रोजाना करीब 50 हजार रुपये का कारोबार होता है, लेकिन सरकारी खाते में 1 रुपये भी जमा नहीं होता।

प्रशासन से साठगांठ का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब भी स्थानीय प्रशासन से शिकायत होती है तो दिखावे के लिए 5-10 दिन के लिए पार्किंग बंद कर दी जाती है। फिर दोबारा उसी तरह शुरू हो जाती है। इससे साफ जाहिर है कि पार्किंग संचालकों की प्रशासन से साठगांठ है।

कहा गया है कि पीडब्ल्यूडी की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर पार्किंग का विस्तार किया गया है। यादव पार्किंग जिस जमीन पर चल रही है, वो भी संचालक के नाम पर नहीं है। पास की जमीन का दाग नंबर देकर पार्किंग चलाई जा रही है।

वैध पार्किंग को किया जा रहा निष्क्रिय
शिकायत में यह भी कहा गया है कि ठीक पास में स्थित सरकारी ‘माइंस बोर्ड ऑफ हेल्थ’ की वैध पार्किंग को सोची-समझी साजिश के तहत निष्क्रिय किया जा रहा है। वैध पार्किंग संचालक राज्य सरकार को हर महीने करीब 8 लाख रुपये टैक्स देते हैं, लेकिन अवैध पार्किंग के कारण उन्हें भारी घाटा हो रहा है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पिछले 5 साल में नगर निगम के टैक्स की राशि की खुलेआम लूट मची है। तृणमूल से लेकर भाजपा तक के दलाल सक्रिय हैं।

CM को पत्र, कोर्ट में है मामला
यह शिकायत मुख्यमंत्री, नगर निगम विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, विधायक सह मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार, DGP, ADPC कमिश्नर, जिला शासक और नगर निगम प्रशासक* को भेजी गई है।

राय पार्किंग का मामला हाईकोर्ट में और यादव पार्किंग का मामला आसनसोल कोर्ट में लंबित है। यादव पार्किंग का अगली सुनवाई 18 जुलाई को है।

मुख्यमंत्री को शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुई है और खानापूर्ति के लिए संचालकों को कागजात लेकर नियामतपुर पुलिस फाड़ी बुलाया गया है।

अब देखना है कि इस बार सिर्फ खानापूर्ति होगी या मुख्यमंत्री कड़ी कार्रवाई का आदेश देंगे।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *