“GT रोड से अतिक्रमण हटाने पर फिर लगा ब्रेक: नए कमिश्नर बोले- ‘फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं’, 24 जुलाई की तारीख भी टली”
आसनसोल । शहर में GT रोड से अतिक्रमण हटाने को लेकर चल रही अटकलों पर नगर निगम के नए आयुक्त दिलीप मिश्रा ने विराम लगा दिया है। सोमवार को हुई बैठक में उन्होंने साफ कर दिया कि फिलहाल किसी भी प्रकार का अतिक्रमण हटाने का कोई विचार नहीं है।
सफाई अभियान पर हुई चर्चा
नए कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने आज आसनसोल, कुल्टी, रानीगंज, जामुरिया सहित अन्य जगहों पर सफाई अभियान को लेकर विभिन्न चेम्बर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए सभी से सहयोग मांगा गया।
सभी चेम्बर पदाधिकारियों ने सफाई अभियान में नगर निगम को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
24 जुलाई की डेडलाइन भी टली
बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा GT रोड से अतिक्रमण हटाने का रहा। ज्ञात हो कि 9 जुलाई को राहा लेन से हट्टन मोड़ तक GT रोड के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने का जोरदार विरोध हुआ था। इसके बाद जिला शासक ने बयान दिया था कि रोड किनारे वालों पर 24 जुलाई तक कोई कार्रवाई नहीं होगी।
लेकिन आज नए कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने साफ कह दिया कि अतिक्रमण को लेकर फिलहाल कोई बात नहीं होगी। इससे 24 जुलाई की तारीख भी अनिश्चितकाल के लिए टल गई।
बड़ी चुनौती बनी सफाई और पार्किंग
कमिश्नर के इस फैसले के बाद सवाल उठने लगे हैं कि बिना अतिक्रमण हटाए शहर को साफ कैसे रखा जाएगा।
SBFCI के महासचिव ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ नगर उन्नयन मंत्री ने कड़े शब्दों में कहा है कि रोड के किनारे पार्किंग करने पर 500 से 1000 रुपये का जुर्माना लगेगा, और दूसरी तरफ बिना अतिक्रमण हटाए पार्किंग की व्यवस्था करना भी एक बड़ी चुनौती है।
आगे क्या?
अतिक्रमण न हटाने और जुर्माने की घोषणा के बीच फंसे प्रशासन के लिए अब शहर को व्यवस्थित रखना कमिश्नर दिलीप मिश्रा के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।















