Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल को बनाएंगे जाम-मुक्त और सुंदर: चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने निगम आयुक्त को दिए 9 बड़े सुझाव, फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास से लेकर नई बस स्टैंड तक का प्रस्ताव

आसनसोल। शहर की बढ़ती ट्रैफिक समस्या, अतिक्रमण और गंदगी से निजात दिलाने के लिए निगम आयुक्त ने सभी चैंबरों के प्रतिनिधियों को लेकर एक विशेष बैठक की। बैठक के बाद आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने एक ठोस रोडमैप नगर निगम के सामने रखा है। चेम्बर के सलाहकार नरेश अग्रवाल सहित अन्य प्रतिनिधियों ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर आसनसोल को व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए 9 महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

नरेश अग्रवाल का कहना है कि अगर इन सुझावों पर तुरंत अमल किया जाए तो आसनसोल को एक साफ-सुथरा, जाम-मुक्त और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।

चेम्बर के 9 बड़े प्रस्ताव

1. फुटपाथ दुकानदारों का होगा पुनर्वास
बस स्टैंड से शताब्दी पार्क तक के मुख्य बाजार में फुटपाथ पर लगी दुकानों की वजह से रोज जाम लगता है। चेम्बर ने मांग की है कि इन सभी दुकानदारों को एक निर्धारित जगह पर शिफ्ट किया जाए। इससे दुकानदारों का रोजगार भी सुरक्षित रहेगा और आम जनता को जाम से राहत मिलेगी।

2. सर सैयद अहमद पार्क बनेगा ऑटो-टोटो स्टैंड
आसनसोल चर्च के पास स्थित सर सैयद अहमद पार्क अभी जंगल में तब्दील हो चुका है। चेम्बर ने इसे ऑटो और ई-रिक्शा टोटो का स्टैंड बनाने का सुझाव दिया है। इससे हट्टन रोड क्रॉसिंग पर लगने वाले ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।

3. ट्रैफिक ऑफिस के पास हटेगा अवैध कब्जा
ट्रैफिक ऑफिस और सार्वजनिक शौचालय के बीच की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा है। चेम्बर ने इसे खाली कराकर जगह को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने की मांग की है।

4. जुबली मोड़ और काली पहाड़ी बस स्टैंड होंगे शुरू
दूसरे राज्यों से आने वाली बसों के लिए जुबली मोड़ और काली पहाड़ी बस स्टैंड को जल्द शुरू किया जाए। चेम्बर का मानना है कि इससे शहर के अंदर ई-रिक्शा और बसों का दबाव कम होगा और यात्रियों को भी सुविधा होगी।

5. थोक फल मंडी शिफ्ट हो बायपास
शहर के बीचों-बीच लगी थोक फल मंडी की वजह से हर दिन जाम और गंदगी होती है। चेम्बर ने सबसे पहले इस मंडी को बायपास क्षेत्र में शिफ्ट करने की मांग की है।

6. छोटे पार्कों को गोद लेंगी प्राइवेट कंपनियां
शहर के विभिन्न चौराहों पर बने छोटे-छोटे पार्क रखरखाव के अभाव में बदहाल हैं। इन्हें सुंदर बनाने के लिए चेम्बर ने इन्हें CSR के तहत प्राइवेट कंपनियों को सौंपने का प्रस्ताव दिया है।

7. बकाया टैक्स वसूली से बढ़ेगी निगम की आय
जिन व्यावसायिक और आवासीय इमारतों का पिछले 5 साल का टैक्स बकाया है, उनके मालिकों से अपील कर बकाया वसूला जाए। इससे नगर निगम की आय बढ़ेगी और विकास कार्य तेज होंगे।

8. पानी की बर्बादी पर लगेगी रोक
सफाई अभियान के साथ-साथ पानी की बर्बादी रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाए जाएं। चेम्बर ने जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया है।

9. हर 2 महीने में होगी समीक्षा बैठक
इन सभी प्रस्तावों की प्रगति जानने के लिए हर 2 महीने में नगर निगम, चेम्बर और अन्य संगठनों की संयुक्त समीक्षा बैठक हो।

चेम्बर का बयान
चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सलाहकार नरेश अग्रवाल ने कहा, आसनसोल हमारा घर है। इसे सुंदर और व्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। हमने जो 9 सुझाव दिए हैं, ये आम जनता की समस्याओं को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। हमें उम्मीद है कि नगर निगम इन पर गंभीरता से विचार करेगा।

मौके पर आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के ज्वाइंट सेक्रेटरी राजू अग्रवाल, अमर प्रसाद, विजय मखरिया मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed