Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

कुल्टी में अवैध लोहा कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 टन सरिया जब्त, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

कुल्टी। कुल्टी थाना के नियामतपुर पुलिस चौकी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर राधानगर इलाके में संचालित एक कथित अवैध लोहा कटाई फैक्ट्री पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने करीब 4 हजार किलोग्राम सरिया, एक गैस कटर मशीन, एक वेट मशीन और कटाई में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण जब्त किए।

पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री का संचालन कथित तौर पर बबलू साव कर रहा था। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे जय कुमार रवि दास को गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को उसे आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के लिए सात दिन की पुलिस हिरासत की मांग करने की बात कही है।

चोरी का लोहा या वैध माल? जांच में जुटी पुलिस

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जब्त किया गया लोहा वैध है या चोरी का। इसके साथ ही इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

छापेमारी की सूचना मिलते ही कथित संचालक बबलू साव मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से अवैध लोहा कटाई और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

वर्षों से उठते रहे सवाल

कुल्टी-नियामतपुर औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लोहा कटाई और चोरी के लोहे के कारोबार की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण के कारण वर्षों तक इस अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।

हालांकि, हाल के दिनों में पुलिस की सक्रियता को लोग सकारात्मक कदम मान रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि कार्रवाई केवल मजदूरों और छोटे संचालकों तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क के कथित सरगनाओं और संरक्षण देने वालों तक पहुंचे, तभी इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लग सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध लोहा कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *