“आसनसोल: ECL की जमीन पर चला बुलडोजर, श्रीपुर-सातग्राम में 20 अवैध घर तोड़े गए, नोटिस के बाद हुई शांतिपूर्ण कार्रवाई”
आसनसोल । अवैध कब्जे के खिलाफ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्रीपुर-सातग्राम एरिया के गिरमिट 40 नंबर धावड़ा में ECL की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को बुलडोजर से गिरा दिया गया।
प्रशासन की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान लगभग 20 अवैध घरों को ध्वस्त किया गया।

पहले दिया गया था नोटिस
ECL अधिकारियों के मुताबिक, इस इलाके में अवैध कब्जे हटाने के लिए 22 जुलाई 2026 को ही सभी प्रभावित परिवारों को नोटिस और लिफलेट बांटे गए थे। नोटिस में खाली करने की समय-सीमा भी दी गई थी। उसी नोटिस के आधार पर मंगलवार को यह अभियान चलाया गया।
CISF और पुलिस की कड़ी सुरक्षा
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई के दौरान CISF के जवानों के साथ आसनसोल उत्तर थाना की भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की वजह से पूरा अभियान बिना किसी विरोध के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
ECL अधिकारी मौके पर मौजूद
कार्रवाई के समय मौके पर ECL के अधिकारी अपूर्व विश्वास, जयश्री यादव और संजय चट्टोपाध्याय मौजूद थे। ECL प्रबंधन ने कहा कि यह कार्रवाई पहले जारी किए गए नोटिस के अनुसार ही की गई है। प्रशासन के सहयोग से अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया गया।
लगातार जारी है अभियान
ECL ने साफ किया है कि कंपनी की जमीन पर अवैध कब्जे को रोकने के लिए अलग-अलग इलाकों में लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं। श्रीपुर-सातग्राम का यह भी उसी अभियान का हिस्सा है।














