“आसनसोल: पार्वती टीचर ट्रेनिंग कॉलेज में नशा मुक्त भारत की शपथ, ’10 करोड़ नशा मुक्त शपथ’ अभियान के तहत छात्रों ने ली संकल्प”
आसनसोल । 13 अगस्त 2026: नशा मुक्त भारत अभियान और मिशन स्पंदन के अंतर्गत चल रहे “10 करोड़ नशा मुक्त शपथ महाअभियान” के तहत गुरुवार पार्वती टीचर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूशन, बी.एड. एवं डी.एल.एड. कॉलेज, चंदा में एक विशेष नशा मुक्त शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय ने किया।
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और समाज को नशे के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को स्वस्थ, मूल्य आधारित और नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, जिला महासचिव अपूर्व हाजरा, पार्वती टीचर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन एवं सह-संस्थापक सच्चिदानंद राय और सह-संस्थापिका मीता राय उपस्थित थे।
ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से ब्रह्माकुमारी संगीता बहन, ब्रह्माकुमारी संध्या बहन, ब्रह्माकुमारी डोलन बहन और ब्रह्माकुमार पार्थ भाई ने कार्यक्रम का संचालन किया।

शिक्षा और आध्यात्मिकता से होगा बदलाव
ब्रह्माकुमारी प्रतिनिधियों ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने छात्रों को ड्रग्स, तंबाकू, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई। साथ ही जोर देकर कहा कि *शिक्षा, सकारात्मक मूल्य, आत्म-अनुशासन और आध्यात्मिक जागरूकता ही एक स्वस्थ और जिम्मेदार समाज का निर्माण कर सकते हैं।
संस्था चेयरमैन ने की सराहना
संस्था के चेयरमैन सच्चिदानंद राय ने ब्रह्माकुमारी संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों, परिवारों और समाज को मिलकर युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए प्रयास करने होंगे।
शपथ के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने नशा मुक्त भारत की शपथ ली और एक स्वस्थ, मजबूत और नशा मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।















