आसनसोल की बेटी ने बढ़ाया नाम: कन्यारत्न पुरस्कार से सम्मानित हुईं शुभश्री दे, कराटे में ब्लैकबेल्ट और 3 बार नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट
आसनसोल । पश्चिम बर्दवान जिले की बेटी ने एक बार फिर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। आसनसोल के सेनरेल निवासी और कन्यापुर हाई स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा शुभश्री दे को 14 अगस्त 2026 को कोलकाता के धनधान्य सभागार में आयोजित कन्यारत्न दिवस समारोह में कन्यारत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री के हाथों मिला सम्मान
पश्चिम बर्दवान जिले से एकमात्र चयनित छात्रा के रूप में शुभश्री को यह पुरस्कार मुख्यमंत्री के हाथों प्रदान किया गया। पढ़ाई के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियों के लिए उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया।
कराटे में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर कई कीर्तिमान
शुभश्री सिर्फ पढ़ाई में ही नहीं बल्कि खेलों में भी अव्वल हैं। मात्र 15 साल की उम्र में ही उन्होंने जापान से सेकंड डिग्री ब्लैकबेल्ट का खिताब हासिल किया है।
इसके अलावा उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड हैं:
– कराटे फॉर्म में वर्ल्ड गोल्ड मेडल
– फाइटिंग फॉर्म में 3 बार नेशनल गोल्ड मेडल
– राज्य स्तर पर लो-किक फॉर्म में ग्रैंड चैंपियन
पिता के प्रशिक्षण से मिली सफलता
शुभश्री की इस सफलता के पीछे उनके पिता बिभास दे का बड़ा योगदान है। वे ही उनकी कोच भी हैं।
कन्यापुर हाई स्कूल के प्रभारी प्रधान शिक्षक सुरजीत भट्टाचार्य ने बताया कि स्कूल के सभी शिक्षक और छात्र शुभश्री की हर तरह से मदद करते हैं। “शुभश्री की उपलब्धि पर पूरा स्कूल गर्व महसूस कर रहा है” उन्होंने कहा।

























