आसनसोल में भाजपा युवा मोर्चा के विरोध पर बवाल: कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ और तिरंगे के अपमान का आरोप, 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग
आसनसोल । स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दिल्ली में हुए एक विवाद को लेकर रविवार रात आसनसोल में जमकर हंगामा हुआ। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गिरजा मोड़ स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
भाजपा युवा मोर्चा का आरोप था कि दिल्ली में 15 अगस्त के कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी ने “वंदे मातरम” का अपमान किया।
कांग्रेस का पलटवार: कार्यालय में तोड़फोड़, तिरंगे का अपमान
इस घटना के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ की। आरोप है कि महात्मा गांधी, पंडित नेहरू और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसी महान विभूतियों की तस्वीरें क्षतिग्रस्त की गईं। साथ ही कांग्रेस का झंडा और राष्ट्रीय तिरंगे का भी अपमान किया गया।
थाने का घेराव, 24 घंटे में कार्रवाई की चेतावनी
इस मामले में सोमवार रात कांग्रेस नेताओं ने आसनसोल दक्षिण थाने का घेराव किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में प्रसेनजीत पुईतुंडी, शाह आलम, एस.एम. मुस्तफा सहित कई कार्यकर्ताओं ने थाने में लिखित शिकायत सौंपी।
देवेश चक्रवर्ती ने कहा, “जिन लोगों का स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं रहा, आज वही लोग तिरंगे और देशभक्ति की बातें कर रहे हैं। भाजपा का इतिहास रहा है कि उनके नेताओं ने अंग्रेजों के लिए मुखबिरी की थी। आज दिखावे के लिए तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।”
उन्होंने मांग की कि जिन लोगों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की और तिरंगे का अपमान किया, उन्हें 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए। वरना कांग्रेस बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि “अगर भविष्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी ऐसा ही कदम उठाया तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”
धार्मिक प्रतीकों के अपमान का भी आरोप
कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पुईतुंडी ने कहा कि 15 अगस्त पर कांग्रेस कार्यालय में सभी धर्मों के प्रतीक लगाए गए थे ताकि यह संदेश दिया जा सके कि भारत का संविधान सभी को साथ लेकर चलता है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उन धार्मिक प्रतीकों का भी अपमान किया।
प्रसेनजीत ने कहा कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अगर पुलिस ने नामजद आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।

























