हरिपुर में अन्नपूर्णा योजना को लेकर बड़ी पहल, चौथे दिन भी विधायक सेवा केंद्र में उमड़ी भीड़ – पात्र महिलाओं को मौके पर मिल रहा समाधान
पांडवेश्वर । अन्नपूर्णा योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचे, इसी संकल्प के साथ हरिपुर विधायक सेवा केंद्र में लगाया गया विशेष सहायता शिविर लगातार चौथे दिन भी पूरे जोश के साथ जारी है।
इस शिविर में उन लाभार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनके बैंक खातों में अब तक योजना की राशि नहीं आई है। कई महिलाओं को आवेदन के बाद भी पैसा न मिलने की शिकायत थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए शिविर में उनकी समस्याओं की जांच की जा रही है।
मौके पर हो रहा समाधान
शिविर में पहुंची महिलाओं के दस्तावेजों की जांच कर, उनके आवेदन की स्थिति देखी जा रही है और तकनीकी या अन्य कारणों से अटके मामलों को तुरंत ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों की टीम लगातार लोगों की मदद में जुटी है।
आयोजकों ने स्पष्ट कहा कि यह सिर्फ एक कैंप नहीं है, बल्कि माताओं-बहनों के हक की लड़ाई है। सरकार की योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
एक आयोजक ने बताया, “हमारा एक ही लक्ष्य है कि कोई भी पात्र महिला अपने अधिकार से वंचित न रहे। कई बार छोटी-छोटी गलतियों से पैसा अटक जाता है, हम उसी को ठीक कर रहे हैं। लोगों की समस्या को यहीं, इसी केंद्र पर सुनकर समाधान दिया जा रहा है।”
शिविर को लेकर स्थानीय महिलाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में महिलाएं अपने कागजात लेकर सेवा केंद्र पहुंच रही हैं। यह शिविर आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।














