“आसनसोल के प्रसिद्ध छिन्नमस्ता मंदिर तालाब का होगा कायाकल्प! मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ”
आसनसोल। आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए खुशखबरी है। मंडल-2 स्थित प्रसिद्ध छिन्नमस्ता मंदिर के तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के कार्य की शुरुआत हो गई है।
सोमवार को राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल खुद मौके पर पहुंचीं और पूजा-अर्चना के बाद विकास कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने तालाब के किनारे चल रहे काम का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों से की बात, समस्याएं सुनीं
इस दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने वहां मौजूद स्थानीय लोगों और मंदिर कमेटी के सदस्यों से बातचीत की। लोगों ने उन्हें बताया कि यह तालाब काफी लंबे समय से उपेक्षित पड़ा था और इसके जीर्णोद्धार की मांग कई सालों से की जा रही थी।
लोगों ने तालाब से जुड़ी अपनी परेशानियां मंत्री के सामने रखीं, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों को तुरंत आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा, “छिन्नमस्ता मंदिर आस्था का केंद्र है और यह तालाब इस मंदिर की सुंदरता है। इसका सौंदर्यीकरण और संस्कारीकरण हमारी प्राथमिकता है। इससे न सिर्फ मंदिर की शोभा बढ़ेगी, बल्कि आसपास के पूरे क्षेत्र का विकास होगा।”
स्थानीय लोगों में इस पहल को लेकर काफी उत्साह है। लोगों का मानना है कि तालाब के विकसित होने से यहां की सुंदरता बढ़ेगी और छठ पूजा जैसे पर्वों में लोगों को काफी सुविधा होगी।














