“आसनसोल में गणेश उत्सव की धूम शुरू! सुभाष पल्ली में खूंटी पूजा में शामिल हुईं मंत्री अग्निमित्रा पाल, कहा – ये आयोजन समाज को जोड़ते हैं”
आसनसोल । गणेश चतुर्थी आने में अभी समय है, लेकिन आसनसोल में इसकी तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। सुभाष पल्ली के सबुज संघ क्लब द्वारा आयोजित होने वाली भव्य गणेश पूजा की आज खूंटी पूजा के साथ औपचारिक शुरुआत हुई।
इस शुभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल शामिल हुईं। उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच खूंटी पूजन किया और गणेश उत्सव की तैयारियों का आगाज किया।
ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ पूजन
खूंटी पूजा के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। पूजा कमेटी के सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां मौजूद रहे। अग्निमित्रा पाल ने सभी से मुलाकात की और उन्हें गणेश पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर उन्होंने कहा, “गणेश पूजा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं है, यह लोगों को एक साथ जोड़ने का पर्व है। सबुज संघ हर साल बहुत सुंदर आयोजन करता है, इस बार भी उनसे काफी उम्मीदें हैं।”
पूजा कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस बार गणेश पूजा को और भी भव्य रूप में मनाने की तैयारी है। खूंटी पूजा के साथ ही पंडाल निर्माण का काम भी शुरू हो गया है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।














