“नया रंग, नई रोशनी, नया आसनसोल! BNR ब्रिज से शुरू हुआ कायाकल्प मिशन, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ”
आसनसोल । आसनसोल शहर अब जल्द ही नए और आधुनिक लुक में नजर आएगा। शहर को स्वच्छ, सुंदर और रोशन बनाने के लिए राज्य सरकार और आसनसोल नगर निगम ने मेगा प्लान पर काम शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में सोमवार को जीटी रोड स्थित ऐतिहासिक BNR ब्रिज से इस मिशन की शुरुआत की गई। राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने ब्रिज का रंग बदलकर गेरुआ-सफेद करने और पूरे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा भी मौजूद रहे।
BNR ब्रिज पर क्या-क्या होगा?
BNR ब्रिज आसनसोल उत्तर और दक्षिण को जोड़ने वाला सबसे महत्वपूर्ण ब्रिज है। इसे अब एक सेल्फी पॉइंट और आकर्षक लैंडमार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट में शामिल है
1. ब्रिज के दोनों तरफ सालों से जमा कचरे की पूरी सफाई।
2. पूरे ब्रिज को नए गेरुआ-सफेद रंग में रंगना।
3. रात में सुंदरता बढ़ाने के लिए आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था।
4. लोगों को जानकारी देने के लिए बड़ी डिजिटल स्क्रीन लगाना।
सिर्फ ब्रिज ही नहीं, पूरा शहर बदलेगा
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है। चरणबद्ध तरीके से पूरे आसनसोल शहर का नवीनीकरण किया जाएगा।
आने वाले दिनों में
– शहर के सभी डिवाइडरों का नवीनीकरण होगा।
– शहर के सभी त्रिकोणीय मोड़ (Three-corner) और राउंडअबाउट को सजाया जाएगा।
– अंधेरे वाले इलाकों में नई रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में BNR ब्रिज के पास जाम की समस्या को खत्म करने के लिए एक नए *फ्लाईओवर* बनाने की भी योजना है, जिसका सर्वे का काम चल रहा है।
इस अवसर पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा, “नई सरकार ने जिम्मेदारी संभालते ही आसनसोल को सुंदर बनाने का बीड़ा उठाया है। हमारा एक ही लक्ष्य है स्वच्छ, रोशन और आधुनिक रूप में नया आसनसोल बनाना।”














