कुल्टी SAIL ग्रोथ वर्क्स में हंगामा: 26 हजार वेतन की मांग पर अड़े ठेका मजदूर, गेट जाम कर किया जोरदार प्रदर्शन
कुल्टी । कुल्टी के सेल ग्रोथ वर्क्स प्लांट में बुधवार सुबह से माहौल गरमा गया। केंद्र सरकार के वेतन ढांचे के अनुसार 26,000 रुपये मासिक वेतन की मांग को लेकर सैकड़ों ठेका श्रमिकों ने प्लांट के मुख्य गेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सुबह शिफ्ट शुरू होते ही बड़ी संख्या में मजदूर हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर गेट के बाहर जमा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
“सालों से कर रहे हैं काम, पर वेतन आज भी कम”
प्रदर्शनकारी मजदूरों का आरोप है कि वे 10-15 सालों से कारखाने में अपनी मेहनत दे रहे हैं, लेकिन उनका वेतन आज भी बहुत कम है। महंगाई आसमान छू रही है, लेकिन उनकी सैलरी में कोई बढ़ोतरी नहीं हो रही।
एक श्रमिक नेता ने कहा, “हमने कई बार प्रबंधन से लिखित में मांग की, आंदोलन किया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। अब हम 26 हजार रुपये से कम कुछ भी नहीं मानेंगे। यह हमारा हक है, जो केंद्र के नियम के अनुसार हमें मिलना चाहिए।”
बड़े आंदोलन की चेतावनी
मजदूरों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर प्रबंधन ने जल्द उनकी मांग पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो यह आंदोलन और बड़ा होगा। वे काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को भी मजबूर होंगे।
फिलहाल प्लांट के गेट के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।














