नबान्न में दिखा भाई-बहन के प्यार का अनोखा संगम: मंत्री अजय पोद्दार को महिला कर्मचारियों ने बांधी राखी, गूंजा रक्षाबंधन का उल्लास”
कोलकाता । रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बुधवार को राज्य सचिवालय नबान्न में एक भावुक और आत्मीय नजारा देखने को मिला। PWD और PHE मंत्री अजय पोद्दार ने अपने कार्यालय में ही सभी महिला कर्मचारियों के साथ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।
कार्यालय का माहौल पूरी तरह पारिवारिक हो गया। महिला कर्मचारियों ने मंत्री अजय पोद्दार की कलाई पर प्यार से राखी बांधी, उनके माथे पर टीका लगाया और लंबी उम्र व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री ने भी सभी बहनों को उपहार और आशीर्वाद दिया।
“यह पर्व सिर्फ धागा नहीं, विश्वास का बंधन है”
इस मौके पर मंत्री अजय पोद्दार ने सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “रक्षाबंधन सिर्फ कलाई पर धागा बांधने का त्योहार नहीं है, यह आपसी प्रेम, अटूट विश्वास, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे पर्व हमें याद दिलाते हैं कि हम सब एक परिवार हैं।”
उन्होंने कहा कि ऐसे त्योहार कार्यालय के औपचारिक माहौल को भी परिवार में बदल देते हैं और आपसी संबंधों को और मजबूत करते हैं। इससे समाज में प्रेम और सद्भाव का संदेश जाता है।
समारोह के दौरान सभी कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।














