अंडाल में दामोदर बना काल: नहाने गया 27 साल का युवक गहरे पानी में समाया, 24 घंटे बाद भी नहीं लगा सुराग
अंडाल । अंडाल थाना क्षेत्र में दामोदर नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। नहाने के दौरान 27 वर्षीय युवक नदी के तेज बहाव में डूब गया। घटना के बाद से पूरे मदनपुर इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
लापता युवक की पहचान नेपाल राय (27), निवासी मदनपुर रायपाड़ा के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे नेपाल राय रोज की तरह दामोदर नदी में नहाने गया था। नहाते-नहाते वह अचानक गहरे पानी में चला गया। किनारे खड़े लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते तेज धारा में वह आंखों से ओझल हो गया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी घाट पर जमा हो गए और खुद ही उसकी तलाश में जुट गए। सूचना मिलते ही अंडाल पुलिस भी मौके पर पहुंची और मंगलवार देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण युवक का कुछ पता नहीं चल सका।
दूसरे दिन भी जारी है Rescue Operation
बुधवार सुबह होते ही प्रशासन हरकत में आया। डिजास्टर मैनेजमेंट की 7 नंबर बटालियन की स्पेशल रेस्क्यू टीम बोट और अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम द्वारा दामोदर नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक नेपाल राय का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रेस्क्यू टीम लगातार नदी में तलाशी अभियान में जुटी हुई है।
