“बांग्लादेश जा रही थी 4,438 बोतल नशे की खेप: टाकी रोड पर बशीरहाट पुलिस का बड़ा धमाका, तस्कर गिरफ्तार”
कोलकाता । भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर नशीली कफ सिरप की तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया है। बशीरहाट थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बांग्लादेश भेजी जा रही 4,438 बोतल प्रतिबंधित फेंसीडिल की खेप जब्त की है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया है।
ऐसे पकड़ा गया तस्कर
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मिनी ट्रक में भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप भरकर बॉर्डर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत टाकी रोड के अमतला इलाके में नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो ट्रक के अंदर छिपाकर रखी गई हजारों फेंसीडिल की बोतलें बरामद हुईं।
बॉर्डर के गांव से बांग्लादेश था टारगेट
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि इस खेप को सीमावर्ती इलाके साकचूड़ा ले जाया जा रहा था। योजना थी कि वहां से चोरी-छिपे इसे बांग्लादेश में सप्लाई किया जाए। बांग्लादेश में इस कफ सिरप का इस्तेमाल नशे के तौर पर बड़े पैमाने पर होता है।
पुलिस ने आरोपी हुसैन बिस्वास को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक के साथ पूरी खेप को जब्त कर लिया है। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे का मास्टरमाइंड कौन है और यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी।














