खेलो इंडिया डायलॉग’ में PM मोदी के विचारों से जुड़े बीबी कॉलेज विद्यार्थी
आसनसोल। आसनसोल के लिए गर्व का क्षण। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘खेलो इंडिया डायलॉग: खेल की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ’ कार्यक्रम के लिए देशभर के 1,600 कॉलेजों का चयन किया गया है, और इसमें पश्चिम बंगाल से विशेष रूप से आसनसोल के प्रतिष्ठित बीबी कॉलेज को चुना गया है।
गुरुवार को बीबी कॉलेज में इस खास संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और खेल विजन से जुड़कर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचीं अग्निमित्रा पॉल
कार्यक्रम में राज्य की शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। यह उनके लिए भी खास मौका था क्योंकि वह खुद इसी कॉलेज की छात्रा रही हैं।
उनके साथ पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमिताभ बासु सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
क्या है खेलो इंडिया डायलॉग का उद्देश्य?
‘खेलो इंडिया डायलॉग’ का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है। इसके तहत जमीनी स्तर पर छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारना, युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
केंद्र सरकार की इस पहल से बीबी कॉलेज का नाम राष्ट्रीय स्तर पर जुड़ने से कॉलेज परिवार और आसनसोल वासियों में खुशी की लहर है।
भावुक हुईं अग्निमित्रा
अपने कॉलेज में वापस आकर अग्निमित्रा पॉल काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि घर वापसी जैसा है। इसी कॉलेज की क्लासरूम में मैंने अपने सपनों को देखा था। आज अपने ही कॉलेज के युवाओं के साथ उनके सपनों और संभावनाओं पर बात करना मेरे लिए गर्व और खुशी का क्षण है। मेरा कॉलेज, मेरा गर्व।”
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने खेल से जुड़े अपने सवाल भी पूछे, जिनका अग्निमित्रा पॉल ने बेबाकी से जवाब दिया।














